Nitish kumar का कांग्रेस को सुझाव, विपक्षी दल एक साथ चुनाव लडें "2024 में बीजेपी 100 से नीचे जाएगी"

जयपुर।  बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक बार फिर कांग्रेस सहित सभी विपक्षी दलों को 2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा को हराने के लिए हाथ मिलाने की सलाह दी। नीतीश कुमार का मानना है कि यदि सभी विपक्षी दल 2024 में एक  साथ चुनाव लडते हैं तो बीजेपी 100 के नीचे ही सिमट जायेगी।  
कुमार ने एक कार्यक्रम में कहा कि , "मैं चाहता हूं कि आप लोग (कांग्रेस) जल्द निर्णय लें। अगर वे मेरा सुझाव लेते हैं और एक साथ लड़ते हैं, तो वे (भाजपा) 100 सीटों से नीचे चले जाएंगे, लेकिन अगर वे मेरा सुझाव नहीं लेते हैं, तो आप जानते हैं कि क्या होगा।"

पटना में सीपीआई-एम के 11वें आम सम्मेलन में बोलते हुए, उन्होंने यह भी दोहराया कि उनकी प्रधान मंत्री बनने की कोई महत्वाकांक्षा नहीं है और ना ही  इस पद के दावेदार हैं। उन्होंने कहा, "मेरी एकमात्र महत्वाकांक्षा देश को एकजुट करना और नफरत फैलाने वाले लोगों से मुक्त करना है। मुझे वास्तव में कुछ नहीं चाहिए। हम आपके साथ खड़े रहेंगे।"
इस कार्यक्रम में उनके डिप्टी तेजस्वी यादव, कांग्रेस नेता सलमान खुर्शीद और बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी ने भाग लिया। सहयोगी दलों की अदला-बदली और राजद के साथ नई सरकार बनाने के बाद नीतीश कुमार ने आगामी लोकसभा चुनावों में भाजपा को चुनौती देने के लिए समान विचारधारा वाले दलों के गठबंधन को एक साथ जोड़ने के कई प्रयास किए हैं।
पिछले साल, बिहार के नेता ने कहा था कि भाजपा के विरोधी दल 2024 के लोकसभा चुनावों में "भारी बहुमत" से जीत सकते हैं यदि वे हाथ मिलाने के लिए सहमत हों।

उन्होंने कहा था कि वह इसे हकीकत बनाने की कोशिश करते रहेंगे और यह अब इन पार्टियों पर निर्भर है।